ज्ञानपुर। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र अयोध्या के महासचिव चंपत राय ने सोमवार को बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि अगले वर्ष 15 से 24 जनवरी के बीच उपयुक्त तिथि में भगवान श्रीराम की भव्य मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा मंदिर में कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रथम तल में भगवान बालक रूप में विराजमान होंगे, वहां का काम अक्तूबर तक पूरा कर लिया जाएगा। भदोही जिले के सुंदरवन में एक धार्मिक आयोजन में पहुंचे चंपत राय ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि श्रीराम मंदिर में करीब 21 लाख घन फुट ग्रेनाइट, सैंड स्टोन मार्बल का प्रयोग किया जा रहा है। मंदिर को इस प्रकार से बनाया जा रहा है कि एक हजार साल तक मरम्मत की कोई जरूरत नही पड़ेगी। गर्भगृह में भगवान बालक रूप में विराजमान होंगे। प्रतिमाओं का निर्माण अयोध्या में हो रहा है। मंदिर के चौखट मार्बल के बनाए गए हैं। दरवाजे महाराष्ट्र की लकड़ी से बनाए गए हैं, जिनकी नक्काशी का काम शुरू हो गया है। भूतल में जहां बालक रूप में भगवान श्रीराम विराजमान होंगे, वहां का काम अक्तूबर तक पूरा हो जाएगा। प्रथम तल पर भगवान का परिवार स्थापित होगा। उन्होंने कहा कि मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए सभी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।