ज्ञानपुर। जिले से होकर गुजरने वाले वाराणसी-मछलीशहर राष्ट्रीय राजमार्ग 731बी से संबंधित काश्तकारों को समय से मुआवजा दिलाने को लेकर डीएम की अध्यक्षता में सोमवार को बैठक हुई। डीएम ने स्पष्ट कहा कि हाईवे निर्माण शासन की प्राथमिकताओं में है। इसमें उच्चाधिकारियों की मॉनीटरिंग जरूरी है। इसके भुगतान प्रक्रिया में तेजी लाए। जिलाधिकारी ने अधिग्रहित जमीन के मुआवजा वितरण में कम रहने वाले 40 लेखपालों को फटकार लगाते हुए 30 नवंबर तक सभी भुगतान करने का निर्देश दिया। डीएम ने सभी लेखपालों और एसएलओ को टीम भावना के साथ काम करके पेंडेंसी खत्म करने का निर्देश दिया। एडीएम न्यायिक शिवनारायण सिंह ने मामले में लापरवाही बरतने वाले लेखपालों को कड़ी फटकार लगाई और कहा कि 30 नवंबर तक सभी भुगतान कार्य पूरा कर लिया लाए। बताया कि अब कुल प्राप्त धनराशि 267 करोड़ 18 लाख में 236 करोड़ 32 लाख रुपये वितरित कर दिए गए हैं। एसडीएम भदोही भान सिंह ने बताया कि हाईवे निर्माण में अधिग्रहित भूमि के काश्तकारों को मुआवजे की धनराशि भुगतान का कार्य तेजी से राजस्व कर्मियों द्वारा कराया जा रहा है। कुछ जमीनों का वाद तहसील न्यायालय में चल रहा है। उनको अविलम्ब निस्तारित कराते हुए भुगतान की प्रक्रिया में तेजी लाई जायेगी। बैठक में आरओबी से संबंधित ग्राम कंधिया, धनापुर की भूमि व परिसंपत्ति का भुगतान की भी समीक्षा की गई। इस दौरान अधिशासी अभियंता राष्ट्रीय राजमार्ग 731बी मृत्युंजय, डीआईओ डॉ. पंकज कुमार समेत कानूनगो, लेखपाल व अन्य रहे।