ज्ञानपुर। भदोही तहसील के रिश्वत के आरोपी लेखपाल अनुराग चौधरी को शुक्रवार को एसडीएम चंद्रशेखर ने निलंबित कर दिया। डीएम गौरांग राठी के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। उसके खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू हो गई है। वाराणसी एंटी करप्शन की टीम ने बृहस्पतिवार की दोपहर भदोही तहसील में तैनात लेखपाल अनुराग चौधरी को 20 हजार रुपये घूस लेते गिरफ्तार किया था। मुकदमा दर्ज करने के बाद उसे जेल भेज दिया गया था। भदोही नगर के बाजार सरदार खां निवासी मो. रिजवान खां की शिकायत पर यह कार्रवाई की गई थी। मामला भ्रष्टाचार से जुड़ा होने के नाते डीएम गौरांग राठी ने इसका संज्ञान लिया। शुक्रवार को एसडीएम चंद्रशेखर ने लेखपाल को निलंबित कर विभागीय जांच का निर्देश दिया। आरोपी लेखपाल के कई अफसरों से अच्छे संबंध थे। भदोही तहसील में लेखपाल अनुराग चौधरी के रिश्वत लेते पकड़े जाने का यह पहला मामला नहीं है। इसके पूर्व फरवरी 2022 में एंटी करप्शन ने मत्स्य विकास अधिकारी औराई नवीन मिश्रा को 10 हजार रुपये घूस लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया था। इसके अलावा ज्ञानपुर तहसील से माल बाबू अरुण श्रीवास्तव, कलेक्ट्रेट अभिलेखागार से शमशाद अहमद के अलावा भदोही में दो लेखपाल रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार हो चुके हैं।