गोपीगंज। ठंड बढ़ने पर बृहस्पतिवार की शाम जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने अधिकारियों के साथ व्यवस्थाओं का जायजा लिया। रैन बसेरे का निरीक्षण करने के साथ ही वहां अलाव के इंतजाम करने के निर्देश दिए। कहा कि कहीं भी अलाव को लेकर लापरवाही न बरती जाए। बताया कि जनपद में 73 जगहों पर अलाव जल रहा है। डीएम ने गोपीगंज नगर पालिका क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर जलते हुए अलाव का भी निरीक्षण किया। पालिका के ज्ञानपुर रोड स्थित वार्ड संख्या 12 नई बस्ती में बनाए गए रैन बसेरे को देखा। रैन बसेरे में पांच महिलाओं सहित आधा दर्जन पुरुषों के ठहरने की व्यवस्था है। बताया कि रैन बसेरे में शौचालय, स्नानागार व अलाव आदि की व्यवस्थाएं दुरुस्त रहें। उन्होंने ईओ को निर्देश दिया कि रैन बसेरे के लिए बस स्टैंड, ज्ञानपुर रोड आदि महत्वपूर्ण स्थानों पर इंडिकेशन बोर्ड लगा दें ताकि रात में लोगों को वहां तक पहुंचने में कोई कठिनाई न हो। मौके पर एडीएम कुंवर वीरेन्द्र मौर्य, एसडीएम भान सिंह, तहसीलदार अजय सिंह, ईओ रामबचन यादव समेत राजस्व निरीक्षक बेलाल अहमद अंसारी आदि रहे।