ज्ञानपुर। सरपतहां स्थित सौ शैय्या अस्पताल में एक्स-रे और लैब की सेवा जल्द शुरू होने वाली है। इसके लिए विभागीय कवायद तेज हो गई है। सौ शैय्या अस्पताल का संचालन आधे-अधूरे संसाधनों के बीच शुरू कर दिया गया था, लेकिन कुछ माह बीतने के बाद अब धीरे-धीरे ओपीडी में मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। ओपीड़ी में एक्स-रे और लैब की व्यवस्था न होने से मरीजों को परेशानी होती है। एक्स-रे और खुन की जांच करवाने के लिए उन्हें महाराजा चेतसिंह जिला चिकित्सालय का रुख करना पड़ता है, लेकिन अब इस परेशानी से जल्द ही छुटकारा मिलने की उम्मीद है। सब कुछ ठीक रहा तो दीवाली तक एक्स-रे मशीन और लैब का संचालन सौ शैय्या अस्पताल में शुरू हो जाएगा। इसके बाद मरीजों को इधर-उधर भटकने की जरूरत नहीं पड़ेगी। बीते दिनों जिलाधिकारी गौरांग राठी ने सौ शैय्या अस्पताल का निरीक्षण किया था। उन्होंनेे कहा था कि एक्स-रे और लैब की व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित किया जाए। उन्होंने आश्वासन दिया था, सीएमएस डॉ. सुनील कुमार पासवान ने बताया कि एक्स-रे और लैब के लिए निदेशालय को पत्राचार किया जा चुका है। अनुमति मिलने के बाद प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।