कालीन नगरी में बृहस्पतिवार को मूसलाधार बारिश हुई। दोपहर लगभग ढाई बजे शुरू हुई बारिश करीब एक घंटे जारी रहा। बारिश के चलते सड़कों पर घुटने भर पानी जमा हो गया, राहगीरों को मुश्किल उठानी पड़ी। इंद्रदेव की मेहरबानी से कालीन नगरी के लोगों को गर्मी व उमस से राहत मिली। जलनिकासी नहीं होने से जलभराव की समस्या उत्पन्न हो गई जिससे लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। जिले में हुई मुसलाधार बारिश में ज्ञानपुर नगर के दुर्गागंज तिराहा व मेन मार्केट की सड़क पर लगभग घुटने भर पानी जमा हो गया। इस दौरान बाजार स्थित कई दुकानों व घरों में भी पानी घुसने लगा जिससे लोगों व दुकानदारों को परेशानी का सामना करना पड़ा। दुकानदारों व क्षेत्रीय लोगों ने आरोप लगाया कि नगर पंचायत की ओर जलनिकासी की व्यवस्था नहीं कराने की वजह से बारिश होने पर नगर में जलभराव की समस्या उत्पन्न हो जाती है। जिले में हुई मूसलाधार बारिश से सुरियावां बाजार में भारी जलभराव की स्थिति पैदा हो गई । इस दौरान बाइक सवार व पैदल चलने वाले लोगों पानी में आने जाने में काफी दिक्कतें हुई । जबकि नगर जर्जर व गढ्ढा युक्त सड़कों में पानी भर जाने की वजह से आम राहगीरों को काफी दिक्कतें हुईं। वहीं सड़कों पर बने गढ्ढों में पानी भरने से लोग गिरते गिरते बचे। गोपीगंज नगर के कई इलाकों में भारी बारिश के बाद जलभराव हो गया जिसकी वजह से लोगों को अपने घरों से बाहर आने जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।