कबड्डी के लिए चयनित कस्तूरबा गांधी विद्यालय भदोही। संवाद
ज्ञानपुर। एक कस्तूरबा-एक खेल योजना के तहत जिले के दो कस्तूरबा बालिका विद्यालयों का चयन किया गया है। इन स्कूलों में पढ़ने वाली बालिकाओं को खो-खो और कबड्डी की बारीकियां सिखाई जाएंगी। जल्द ही उनका प्रशिक्षण शुरू होगा। तैयारी के बाद ये छात्राएं पहले जिलास्तर पर फिर मंडल स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेंगी। इसमें सफल होने पर वे राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगी। जिले में कुल पांच कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय संचालित होते हैं। इनमें 500 छात्राएं पंजीकृत हैं। एक कस्तूरबा-एक खेल योजना में सुरियावां का चयन खो-खो और भदोही का कबड्डी के लिए किया गया है। शासन स्तर से इन खेलों के लिए सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पांच लाख रुपये का बजट भी स्वीकृत हो चुका है। जिला समन्वयक बालिका शिक्षा रितेश कुमार दीक्षित ने बताया कि विद्यालय स्तर पर खेल के प्रशिक्षण कार्य शुरू हो गया है। खेल के लिए जो बजट आया है, उससे खेल के जरूरी उपकरण खरीदे जाएंगे। उन्होंने बताया कि कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों में खेलों को बढ़ावा देने के लिए जिलास्तर पर खेल कमेटी का गठन किया गया है, जिसके अध्यक्ष बेसिक शिक्षा अधिकारी होते हैं। इसके अलावा जिला समन्वयक इसके सचिव होते हैं। यह समिति खेल के लिए समय सारिणी बनाने से लेकर खेलों के प्रशिक्षण तक पर नजर रखती है। चयनित खिलाड़ियों को दक्ष बनाना ही इस योजना का उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षक की अनुपलब्धता की स्थिति में विकास खंड स्तर या जिला स्तर के चयनित खेल अनुदेशक या व्यायाम शिक्षिका छात्राओं को प्रशिक्षित करते हैं। उन्होंने बताया कि एक-एक कस्तूरबा विद्यालय से 10-10 छात्राओं को खो-खो और 10-10 का कबड़्डी के लिए चयन होगा।