भदोही। यूनियन शोतोकान कराटे एसोसिएशन (इंडिया) की ओर से रविवार को वाराणसी के भोजूबीर स्थित एकेडमी में कराटे बेल्ट परीक्षा आयोजित की गई। परीक्षा में भदोही के दो प्रतिभागियों ने वाराणसी के कराटे खिलाड़ियों के साथ कड़ी प्रतिस्पर्धा की।
खास बात यह रही कि भदोही से केवल दो प्रतिभागी रहे और दोनों को ब्लैक बेल्ट की उपाधि से सम्मानित किया गया। कराटे प्रशिक्षक और टेक्निकल डायरेक्टर सीएल यादव ने बताया कि कुल 43 कराटे खिलाडियों ने परीक्षा दी। भदोही के जमुनीपुर बादफरोश के वरुण कुमार गुप्ता और सर्रोई के दीपचंद पटेल को ब्लैक बेल्ट से सम्मानित किया गया। उन्हें सम्मानित करते हुए मुख्य प्रशिक्षक मोनिका कुमारी ने कहा कि बच्चों को शुरू में प्रशिक्षण देने का लाभ यह होता है कि वे तेजी से गुणों को सीखते हैं। कहा कि अब तो कराटे गांवों में भी प्रचलित हो रहा है। साथ ही विभिन्न विद्यालय इसे एक खेल के रूप में विद्यालयों में बच्चों को प्रशिक्षण दिलवा रहे हैं, जो भविष्य के लिए शुभ संकेत है। एसोसिएशन के अध्यक्ष विकास सोनकर ने आभार व्यक्त किया। शरद वर्मा, श्यामसुंदर यादव आदि ने बच्चों को शुभकामनाएं दीं।