सीतामढ़ी। कोइरौना थाना क्षेत्र के कलातुलसी गांव निवासी पवन उपाध्याय उर्फ गुरु (40) की छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में गत मंगलवार को हत्या कर दी गई। उनका शव चार दिन बाद रायगढ़ के पालीघाट जंगल में मिली। हत्यारों ने अति घृणित कार्य करते हुए शरीर से सिर काट दिया था। मृतक पेशे से ट्रेलर ड्राइवर था।
बताते हैं कि एक सप्ताह पूर्व पवन उपाध्याय अपना खाली ट्रेलर लेकर रायगढ़ जा रहे थे। उनके साथ अन्य ट्रेलर लेकर जा रहे प्रतापगढ़ के भी एक ड्राइवर की भी हत्या कर दी गई थी। जब नियत समय पर ट्रेलर नहीं पहुंचा तो खोजबीन शुरू की गई। पालीघाट के जंगल में सिर कटी लाश की सूचना वहां के लोगों ने दी, तो स्थानीय पुलिस जंगल में पहुंच कर शव को कब्जे में ले लिया था। बाद में दोनों शवों की पहचान की गई, जिसमें कलातुलसी गांव निवासी पवन उपाध्याय के धड़ से सिर गायब था। सूचना पर रायगढ़ गए परिजनों ने वहीं दाह संस्कार किया। शुक्रवार को परिजन गांव पहुंचे। इस घटना से कलातुलसी गांव में शोक का माहौल है। ग्राम प्रधान दिनेश कुमार पांडेय, आदर्श पांडेय, कल्लू पांडेय, महेश पांडेय आदि ने शोक जताया है।