ज्ञानपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 24 अक्तूबर को जिले में आ सकते हैं। शासन से मिली सूचना पर जिला प्रशासन व पुलिस विभाग ने तैयारी तेज कर दी है। वह यहां विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास कर सकते हैं। फिलहाल ज्ञानपुर के राजकीय इंटर कॉलेज परिसर या पुलिस लाइन में आने की संभावना जतायी जा रही है। बुधवार की शाम को जिलाधिकारी आर्यका अखौरी और पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने संभावित कार्यक्रम स्थत का जायजा लिया। बुधवार को जिला प्रशासन को शासन से सूचना मिली कि 24 को सीएम भदोही जिले का दौरा कर सकते हैं। हालांकि जब तक कार्यक्रम निश्चित नहीं हो जाता तब तक किन परियोजनाओं का लोकार्पण होगा और किनका शिलान्यास होगा यह तय नहीं है। दौरे को देखते हुए विभिन्न विभागों के अधूरे कार्यों को पूर्ण करने, पूर्ण कार्यों की समीक्षा आदि भी शुरू कर दी गई है। वहीं सुरक्षा को लेकर पुलिस विभाग भी सतर्क हो गया है। एसपी डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि सीएम के आने की संभावना है। मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम अभी नहीं आया है।