जिला अस्पताल के हर्बल गार्डेन में बिछी इंटरलाकिंग। संवाद
ज्ञानपुर। महराजा चेतसिंह जिला चिकित्सालय के इमरजेंसी विभाग के सामने टिन शेड लगाने के बाद अब हर्बल गार्डन में 10 लाख रुपये की लागत से इंटरलॉकिंग बिछाई जा रही है। इससे बारिश के दिनों में गार्डन में आने वाले मरीज व तीमरदारों को अब कीचड़ से होकर नहीं गुजरना पड़ेगा। जिला अस्पताल में रोजाना औसतन 700 से 800 की ओपीडी होती है। लैब में एक हजार से 1200 की जांच होती है। हर दिन मरीज, तीमारदार मिलाकर तीन से चार हजार लोगों की भीड़ होती है। ऐसे में मरीजों की सुविधाओं को देखते हुए अस्पताल परिसर में विकास कार्य तेजी से कराए जा रहे हैं। हर्बल गार्डेन में इंटरलॉकिंग बिछाने के बाद से सुंदरता बढ़ गई है। करीब दो बिस्वा में गार्डन है। आम, अमरुद, आंवला, केला, जामुन, गुलाब, करौंदा, गुड़हल, गेंदा, नीम, रातरानी सहित गार्डन में 30 से 35 प्रकार के पौधे हैं। जहां सुबह-शाम मरीज, तीमारदार सहित स्वास्थ्यकर्मी बैठकर शुद्ध हवा लेते हैं। गार्डन में बैठने से मरीज तनाव मुक्त होते हैं। रंग बिरंगी फूलों से उनके अंदर सकारात्मक सोच आती है। अस्पताल के सीएमएस डॉ. अजय कुमार तिवारी ने बताया कि हर्बल गार्डन में 80 फीसदी इंटरलॉकिंग बिछाई जा चुकी है। कुछ हिस्से में अभी नहीं बिछ़ाया गया है। उसे दो एक दिन में पूरा कर लिया जाएगा। गार्डन की निगरानी के लिए एक कर्मचारी की ड्यूटी लगाई है, जो नियमित पौधों में पानी डालते हैं, उसकी देखभाल करते हैं।