ज्ञानपुर। अपर जिलाधिकारी ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट के सभागार में बैठक के दौरान बाजारों में उर्वरक का अवैध भंडारण रोकने का निर्देश दिया। उन्होंने किसानों की मांग पर उर्वरक को पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध कराकर पीओएन मशीन से वितरण कराने की बात कही। अपर जिलाधिकारी कुंवर वीरेंद्र मौर्य उर्वरक डीलर्स, स्टाकिस्ट, कंपनी प्रतिनिधियों को आगाह करते हुए कहा कि फसल सत्र आरंभ होने पर किसान कड़ी मेहनत कर फसलों की बुआई करता है। प्रथम टाप ड्रेसिंग का समय आते ही सरकारी और खुले बाजारों में उर्वरकों की कमी को लेकर समस्याएं बढ़ जाती हैं। सरकारी गोदामों से निजी गोदाम तक उर्वरक की कालाबाजारी, भंडारण किसी स्थिति में नहीं होनी चाहिए। ऐसा होने पर कृषि विभाग जिम्मेदार माना जाएगा। कृषि विभाग के अधिकारी-कर्मचारी किसानों की जोत भूमि को सत्यापित कर पीओएन मशीन से आधार लिंक कराकर ही उर्वरक का वितरण सुनिश्चित हो, तभी किसानों की समस्या का समाधान हो सकेगा और ओवर रेटिंग हरहालत में नहीं होगी।