गोपीगंज। कोतवाली क्षेत्र के जखांव गांव में छह साल के बच्चे साजन सरोज की हत्या गला दबाकर की गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इसका खुलासा हो गया है। गुमशुदगी दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस अब हत्या की धाराएं बढ़ाएगी। प्रकरण के खुलासे के लिए एसपी के निर्देश पर टीम गठित की गई है। पुलिस ने करीब छह लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दिया है। सोमवार को क्राइम ब्रांच की टीम गांव के तालाब एवं आसपास के क्षेत्रों की जांच की।
जखांव (जौहरपुर) गांव निवासी लवकुश सरोज का छह साल का बेटा साजन रविवार को सुबह अचानक गायब हो गया था। शाम को उसका शव तालाब के किनारे मिला। सीने और कान में खून निकलने पर परिजनों ने एक व्यक्ति पर हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। कई थानों की पुलिस एवं एसपी मौके पर पहुंची।
सोमवार शाम को आए पोस्टमार्टम रिपोर्ट में साजन की मौत गला दबाकर करने की पुष्टि हुई। उसे मारने के बाद तालाब में फेंका गया था। अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. तेजवीर सिंह ने कहा कि पीएम रिपोर्ट में गला दबने से मौत की पुष्टि हुई है। हत्या की धाराएं बढ़ाकर जांच की जाएगी। मामले में आरोपियों की तलाश के लिए क्राइम ब्रांच समेत तीन टीमें गठित की गई है। कुछ संदिग्धों को पुलिस टीम ने उठाया है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।