बारिश के मौसम में तापमान में उतार-चढ़ाव के बीच लोग पर्याप्त मात्रा में पानी नहीं पी रहे हैं। शरीर में पानी की कमी से अपच, एसिडिटी, पेट दर्द और कब्ज जैसी समस्याएं बढ़ रही हैं। जिला अस्पताल में इन दिनों रोजाना 50 से 60 ऐसे मरीज पहुंच रहे हैं, जिनमें पानी की कमी के लक्षण पाए जा रहे हैं। जिला अस्पताल के एसआईसी डॉ. सतीशचंद कन्नौजिया ने बताया कि बारिश के मौसम में प्यास कम लगने के कारण लोग पानी पीने पर ध्यान नहीं देते। चाय-कॉफी और तला-भुना भोजन अधिक लेने से भी पेट संबंधी समस्याएं बढ़ जाती हैं। उन्होंने बताया कि शरीर में पानी की कमी होने पर पाचन क्रिया प्रभावित हो सकती है। इससे गैस, जलन, खट्टी डकार, पेट में भारीपन और कब्ज की शिकायत हो सकती है। ऐसे में मौसम कोई भी हो, शरीर की जरूरत के अनुसार पर्याप्त मात्रा में पानी पीना चाहिए। पेट संबंधी समस्या वाले मरीजों को दवा के साथ पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी जा रही है।