चौरी के वेदमनपुर में खड़ंजे के ऊपर पानी निकासी के लिए डाली गई पुलिया। संवाद
चौरी। भदोही ब्लॉक के वेदमनपुर में जलनिकासी के लिए बनी नाली ग्रामीणों के लिए मुसीबत बन गई है। खड़ंजा मार्ग से ऊपर करीब 500 मीटर पुलिया और चैंबर डाल दिया गया। इससे तीन माह से चार पहिया वाहनों का आवागमन बंद है। किसी तरह बाइक पास हो पा रही है। इससे लोग गिरकर चोटिल हो रहे हैं। अब तक सात से अधिक लोग घायल हो चुके हैं। इनमें से तीन लोगों के पैर टूट चुके हैं। भदोही ब्लॉक के वेदमनपुर गांव की पाल व यादव बस्ती में पानी निकासी के लिए जिला पंचायत निधि से तीन माह पहले नाली का निर्माण कराया गया। करीब 500 मीटर कार्य के कार्य में खड़ंजा रास्ते के बीच सीमेंटेड पुलिया और जगह-जगह चैंबर बनाए गए हैं। ग्रामीणों के अनुसार खड़ंजा मार्ग से एक फीट ऊपर पुलिया और चैंबर बना दिए गए हैं। इसके लिए खोदाई मामूली रूप से की गई और नाली के दोनों गड्ढों को वैसे ही छोड़ दिया गया। इससे आवागमन में मुश्किलें आने लगीं। चारपहिया वाहन का प्रवेश बस्ती में पूरी तरह रुक गया। इससे शादी विवाह को लेकर ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है। बारिश के दिनों से लेकर अब तक तीन लोगों के पैर भी टूट चुके हैं। कुल सात से अधिक लोग घायल हुए। आधा-अधूरा छोड़े गए कार्य से अब तक गांव के मुकेश उर्फ भल्लू (34), रामजीत पाल (40), शिव प्रसाद (50), दुर्गेश यादव (12), ओम प्रकाश यादव (25), जगमंती देवी (80), सुधना देवी (75) आदि शामिल हैं।