ज्ञानपुर। जवाहर नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा का परीक्षाफल शनिवार को दोपहर बाद जारी हो गया। परीक्षा में उत्तीर्ण होने वाले 80 होनहार खुशी से झूम उठे। अभिभावकों ने बच्चों को मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया। नवोदय की कक्षा छह में प्रवेश के लिए प्रत्येक वर्ष प्रवेश परीक्षा कराई जाती है। परीक्षा में उत्तीर्ण होने वाले होनहारों का एडमीशन विद्यालय में किया जाता है। पिछले साल प्रवेश परीक्षा के लिए 4691 छात्र-छात्राओं ने आवेदन किया था। 30 अप्रैल 2022 को जिले में 10 से अधिक केंद्रों पर 80 सीटों के लिए प्रवेश परीक्षा कराई गई। जिसमें 3121 छात्र-छात्राएं शामिल हुए। परीक्षा के बाद छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों को रिजल्ट का इंतजार था। शुक्रवार को दोपहर बाद प्रवेश परीक्षा का रिजल्ट जारी हो गया। परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले छात्र-छात्राएं और उनके अभिभावक खुशी से झूम उठे। छात्र-छात्राओं को कोचिंग देने वाले शिक्षकों ने भी एक दूसरे से खुशी साझा की। सामान्य, पिछड़ा, एससी और एसटी वर्ग की आरक्षित सीटों में होनहार उत्तीर्ण होने में कामयाब हुए। प्राचार्य सीएम सिंह ने कहा कि रिजल्ट आ चुका है। जल्द ही उत्तीर्ण होने वाले छात्र-छात्राओं का एडमीशन शुरू हो जाएगा।