छठे दिन शिविर में आकर्षक रंगोली सजाने वाली स्वयंसेवी छात्राएं। स्रोत- कमेटी
- फोटो : 1
भदोही। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी राजकीय महाविद्यालय के एनएसएस शिविर में सोमवार को नशा उन्मूलन अभियान चलाया गया। स्वयं सेवकों ने विविध कार्यक्रमों के माध्यम से समाज को नशे की कुरीतियों के प्रति जागरूक किया। दिन की शुरुआत स्वयं सेवकों द्वारा शिविर स्थल की सफाई, योगाभ्यास और ईश वंदना से की। इसके बाद नशा उन्मूलन पर आधारित पोस्टर और स्लोगन तैयार किए। पोस्टरों के साथ रामरायपुर दलित बस्ती में रैली निकाली। मुख्य वक्ता इतिहास विभाग प्रभारी डॉ. अमर कृष्ण यादव ने कहा कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को नष्ट करता है, बल्कि पूरे परिवार और समाज की आर्थिक व सामाजिक संरचना को भी खोखला कर देता है। प्राचार्या डॉ. माया ने स्वयंसेवकों को समाज का मार्गदर्शक बताते हुए उन्हें नशा मुक्ति का ब्रांड एंबेसडर बनने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम अधिकारी डॉ. रुस्तम अली और डॉ. अंकिता तिवारी के कुशल निर्देशन में छात्र-छात्राओं ने नशा उन्मूलन विषय पर मर्मस्पर्शी नुक्कड़ नाटक और गीत प्रस्तुत किए। अखिलेश कुमार गुप्ता की टीम ने लोकगीतों के जरिए नशे की समस्या पर प्रहार किया। कार्यक्रम का संचालन स्वयं सेविका श्रद्धा तिवारी ने किया। नैंसी की टीम ने नशा उन्मूलन थीम पर भव्य रंगोली सजाई। जबकि शिफा परवीन की टीम ने शिविर स्थल की आकर्षक सजावट की जिम्मेदारी संभाली।