औराई के खमरिया में निरीक्षण करते मंडलायुक्त योगेश्वर राम मिश्रा दाएं। संवाद
- फोटो : BHADOHI
घोसिया। 15 दिन बाद फिर आऊंगा। सड़क और बिजली की शिकायतें मिलने पर विभागीय अधिकारी जिम्मेदार होंगे। लापरवाही बरतने पर सख्त कार्रवाई होगी। यह हिदायत बुधवार को मंडलायुक्त योगेश्वर राम मिश्रा ने नगर पंचायत खमरिया और घोसिया का निरीक्षण करते समय संबंधित अधिकारियों को दी। बुधवार को दोपहर में खमरिया पहुंचे मंडलायुक्त योगेश्वर राम मिश्र बदहाल सड़कों को लेकर खफा हो गए। अधिशासी अधिकारी को चेतावनी दी कि सड़कों को दुरुस्त कराएं। बिजली कटौती और लो वोल्टेज की शिकायत पर मंडलायुक्त ने उपस्थित विभाग के अधिकारियों से नगर और ग्रामीण क्षेत्र के लिए निर्धारित रोस्टर का पालन कराने के लिए कहा। कहा, जर्जर तार, खंभे को योजनाबद्ध तरीके से बदलवा कर कनेक्शन धारकों के जीवन के साथ खिलवाड़ बंद करे। तकनीकी कारणों, रखरखाव के अभाव में जले ट्रांसफार्मर समयसीमा के अंदर बदलवाने की व्यवस्था में कोई लापरवाही न बरती जाए। बकाएदारों को चिह्नित कर बकाया राजस्व वसूल कराने के लिए कहा। कहा, बिजली की चोरी, लोड का दुरुपयोग करने वालों को कार्रवाई की जद में लाएं। ऐसा होने पर बिजली व्यवस्था में सुधार लाया जा सकेगा। अधिकारियों के साथ मंडलायुक्त ने उपकेंद्र द्वितीय खमरिया भी पहुंच कर स्थिति को देखा। बरसात में बिगड़ रही सड़कों की हालत पर चिंता जताई। मौके पर मिले लोक निर्माण के जेई को खमरिया-चेतगंज सड़क को मानक के तहत बनाकर आवागमन सुचारु कराने को कहा। उन्होंने कहा कि अन्य सड़कों को लेकर आईं शिकायतें दूर की जाए। कहा कि कार्यदायी संस्थाओं की निगरानी से सड़कों के निर्माण में मानक की गुणवत्ता बरकरार रहने पर 10 वर्ष तक आवागमन सुचारु रखा जा सकता है। कहा कि क्षेत्रवासी उनके ह्वाट्स एप नंबर पर कभी भी किसी समस्या की शिकायत दर्ज करा सकते हैं। निरीक्षण के समय मुख्य अभियंता विद्युत आरबी कटियार, अधीक्षण अभियंता अशोक कुमार, एसडीओ ईश्वर शरण सिंह, जेई मनील सिंह, एसडीएम लालबाबू दुबे, उप निरीक्षण इंद्रजीत यादव, लेखपाल श्रवण मिश्रा, श्यामबहादुर पटेल आदि रहे।