गोपीगंज थाना क्षेत्र के गहरपुर गांव में बुधवार को सुबह एक मकान में अचानक तेज धमाके साथ विस्फोट हुआ। इससे आसपास चीख-पुकार मच गई। विस्फोट इतना तगड़ा था कि घर की दीवार गिर गई और पास की मस्जिद संग घर के शीशे टूट गए। घटना में एक अधेड़ घायल हो गया। पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। एसपी रामबदन सिंह मौके पर पहुंचे। गोपीगंज से सटे गहरपुर निवासी अकरम अंसारी (45) पुत्र रमजान अंसारी वैवाहिक आयोजनों में बिना लाइसेंस के पटाखा बनाने का कार्य करता है। बुधवार को सुबह करीब 10 बजे तेज आवाज के साथ एक जोरदार धमाका हुआ। जिसकी चपेट में आकर अकरम अंसारी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां हालत चिंताजनक होने पर अन्यत्र रेफर किया गया। धमाका इतना तीव्र था कि मकान की बाउंड्रीवाल पूरी तरह से जमींदोज हो गई साथ घर के बगल स्थित छोटी मस्जिद में लगे शीशे चकनाचूर हो कर गिर गए। ग्रामीणों की माने तो आवाज इतनी तेज थी कि सभी अपने अपने घरों को झांकने लगे कि उनके मकान तो नहीं गिर गए। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस अधीक्षक राम बदन सिंह, उप जिला अधिकारी चंद्रशेखर समेत कोतवाल गोपीगंज के के सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन करने में लग गए। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि अकरम अंसारी वैवाहिक समारोह में पटाखा बजाने का कार्य करता था। तेज आवाज के साथ विस्फोट हुआ है जिसकी जांच पड़ताल कर कार्यवाही की जाएगी। पुलिस ने अकरम के भाई असलम को हिरासत में लेकर जांच पड़ताल कर रही है।