ज्ञानपुर। जिले में तपिश भरी गर्मी से लोग बेहाल हैं। बृहस्पतिवार को भी दिनभर तल्ख धूप रही। अधिकतम पारा 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गर्मी के कारण सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। हालांकि चार बजे के बाद अचानक मौसम में कुछ परिवर्तन देखने को मिला और तेज हवाओं के साथ आसमान में काले बादल छा गए। इससे थोड़ी राहत मिली। बृहस्पतिवार को तल्ख धूप के कारण लोग ज्यादातर समय घरों में ही रहे। हालांकि शाम के समय मौसम में कुछ परिवर्तन दिखा तो लोगों को थोड़ी राहत मिली। इसके बाद भी उमस के कारण लोगों के पसीने छूटते रहे। कृषि केंद्र बेजवां के मौसम विशेषज्ञ सर्वेश बरनवाल ने बताया कि आगामी दो दिनों तक तेज हवा संग आसमान में बादल छाया रहेगा। हवा की दिशा बदलने पर बूंदाबांदी भी हो सकती है। ऐसे में किसानों को सावधानी बरतने की आवश्यकता है। यदि बारिश हुई तो इसका असर गेहूं की फसल पर होगा। हालांकि ज्यादातर किसान कटाई, मड़ाई कर चुके हैं। बूंदाबांदी होने के बाद से गेहूं के डाठ नरम पड़ जाते हैं। इसके बाद मड़ाई करने में कठिनाई होती है। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को हल्के बादलों का प्रभाव रहेगा। इसके कारण आगामी दो दिनों में बूंदाबांदी की संभावना बन सकती है।
जिलाधिकारी गौरांग राठी के निर्देश पर शुक्रवार से जिले के सभी स्कलों के समय सारणी बदलाव हुआ। जिले में बेसिक सहित सभी बोर्ड से संचालित हो रहे कक्षा पांच तक के स्कूल अब सुबह साढ़े सात बजे से 12 बजे तक संचालित होंगे। कक्षा छह से आठ तक के स्कूल सुबह साढ़े सात बजे से डेढ़ बजे तक संचालित होंगे। शिक्षक स्कूलों में दो बजे तक अपनी ड्यूटी देंगे।
गोपीगंज/वहिदानगर। जिले में गरज-चमक के बीच बृहस्पतिवार को तीन स्थानों पर बिजली गिरी। बिजली की चपेट में आने के कारण दुगुना गांव में भैंस ने दम तोड़ दिया। एक मकान से सारे विद्युत उपकरण जल गए। एक किसान का मड़ई में रखा अनाज राख हो गया।
कोइरौना थाना क्षेत्र के दुगुना गांव में बृहस्पतिवार की शाम श्याम बहादुर के पाही के पास गिरी बिजली की चपेट में आने से भैंस की मौत हो गई। इब्राहीमपुर में वली मोहम्मद के मड़ई पर बिजली गिरने से सामान जल कर नष्ट हो गया। उन्होंने बताया कि बिजली गिरने के बाद मड़ई में आग लग गई। गोपीगंज नगर के ज्ञानपुर रोड पर काशी प्रसाद उमर के मकान पर भी बिजली गिरी। इससे मकान के सारे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण के साथ इन्वर्टर आदि नष्ट हो गए। इनके पड़ोसी पप्पू बरनवाल, अमित कुमार मोदनवाल, प्रदीप कुमार, शिव कुमार गुप्ता के मकानों के भी कई उपकरण जल गए हैं।