जिला अस्पताल ज्ञानपुर की फोटो। संवाद
- फोटो : BHADOHI
ज्ञानपुर। करीब 20 लाख की आबादी वाले जिले भदोही में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए काम किया जा रहा है। बावजूद इसके कुछ चिकित्सक और चिकित्सा कर्मियों की लापरवाही के कारण मरीजों को ठीक से सुविधा नहीं मिल पाती। इन सुविधाओं की निगरानी ऑनलाइन की जाएगी। यानी लखनऊ बैठे अधिकारी भी यहां के एक-एक अस्पताल की गतिविधि देख सकेंगे कि किस अस्पताल में कौन से डॉक्टर काम कर रहे हैं, कौन नहीं। इसके लिए अस्पतालों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इस कैमरे से चप्पे-चप्पे पर नजर रखी जा सकेगी। महाराजा चेत सिंह अस्पताल परिसर में 25 सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। एमबीएस में पहले से ही 16 कैमरे लगाए गए हैं। अस्पताल से जुड़े लोगों की मानें तो चिकित्सालय में आए दिन चिकित्सक और मरीजों के बीच नोकझोंक होती रहती है। ओपीडी सुबह आठ बजे से दो बजे तक है, लेकिन कई चिकित्सक समय से अस्पताल नहीं पहुंचते। चिकित्सक धड़ल्ले के साथ बाहर की दवा लिखते हैं। कैमरा लगने के बाद इन सब पर अंकुश लगेगा। समय से स्वास्थ्य कर्मी अस्पताल पहुंचेंगे। महाराजा बलवंत सिंह चिकित्सालय के सीएमएस डॉ. संजय तिवारी ने बताया कि हमारे यहां पहले से 16 कैमरा लगा हुआ है। अभी शासन का निर्देश हमारे पास नहीं आया है, निर्देश आने के बाद अस्पताल परिसर में नौ और कैमरे लगाए जाएंगे। शासन के निर्देश के बाद अस्पताल में कैमरा लगाने का काम जल्द ही शुरू कर दिया जाएंगा। दो प्रकार के कैमरे लगाए जाएंगे। एक विजुअल रिकॉडिंग, दूसरा विजुअल कैमरा होगा, जो लखनऊ निदेशालय में देखा जा सकेगा कि अस्पताल परिसर में क्या चल रहा है।