कौलापुर। गोपीगंज कोतवाली क्षेत्र के धनापुर गांव में शुक्रवार को खेत में ट्रक से बालू उतारते समय बिहार के गया निवासी खलासी दिलीप कुमार यादव (26) 11 हजार हाईटेंशन तार की चपेट में आ गया। जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया। गोपीगंज सीएचसी ले जाने पर चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बिहार के गया जिले के बाराछट्टी थानाक्षेत्र के कंगाली गांव निवासी दिलीप कुमार यादव शुक्रवार को ट्रक के साथ धनापुर गांव में पहुंचा। वहां पर बालू उतारने के दौरान ट्रक के उपर चढ़ा था। इसी दौरान ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन तार की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से झुलस गया। खलासी के झुलसने से मौके पर अफरातफरी मच गई। एंबुलेंस से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोपीगंज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक के चाचा और ट्रक चालक कामदेव यादव ने बताया कि दिलीप शादीशुदा था। उसके दो बच्चे हैं। प्रभारी निरीक्षक सच्चिदानंद पांडेय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।