औराई के लक्ष्मणा गांव में हेल्थ वेलनेस सेंटर पर लटकता ताला। संवाद
- फोटो : BHADOHI
घोसिया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र औराई से संबद्ध लक्ष्मणा हेल्थ वेलनेस सेंटर का ताला आठ माह बाद भी नहीं खुला सका है। शुक्रवार को मामला सुर्खियों में आने पर सीएमओ ने अपर सीएमओ को जांच का निर्देश देकर रिपोर्ट तलब की है। गांव के चंद्रकांत दुबे ने शिकायत दर्ज कराया है कि तीन वर्ष पूर्व जिले में आयुष्मान भारत योजनांतर्गत जर्जर उप स्वास्थ्य केंद्रों का सर्वे कराकर स्वास्थ्य विभाग ने 73 नये केंद्रों के निर्माण को हरी झंडी दी थी। विभागीय स्तर पर एक दशक पूर्व से ग्रामीणों की स्वास्थ्य संबंधित जरूरतें पूरी करने वाले केंद्रों का नाम हेल्थ वेलनेस सेंटर कर दिया, लेकिन बनकर तैयार सेंटर का कोई लाभ आठ माह से ग्रामीणों को नहीं मिल सका है। गिरजा शंकर, भगवानदास ने बताया कि सेंटर का निर्माण एक गड्ढे में कराया गया है और वहां न पेयजल की व्यवस्था है न सफाई की। सेंटर में चहुंओर गंदगी और जंगली झुरमुटों का अंबार भी लगा है। यहां तक पता चला है कि सेंटर पर एक स्वास्थ्य कर्मी की तैनाती हुई है। सिर्फ एक कक्षीय भवन का रंगरोगन कर ताला लटका दिया गया है। सेंटर के चालू होने पर गर्भवती, धात्री महिलाओं को टीकाकरण आदि जैसी सुविधाएं मुहैया होने लगेंगी। सीएमओ डा.एसके चक ने कहा कि शिकायत पर जांच का निर्देश अपर सीएमओ को सौंपी गई है। ग्रामीण हेल्पलाइन नंबर 8005192693 24 घंटे शिकायत दर्ज करा सकते हैं। निर्माण कार्यदायी संस्थाओं ने जिले में 73 हेल्थ वेलनेस सेंटर के निर्माण की जिम्मेदारी तो ले ली लेकिन अभी तक 40 फीसदी कार्य अधर में ही लटके हैं। कार्यदाई संस्था सीएनडीएस, लैकफेड और ग्रामीण अभियंत्रण स्तर से प्रति सेंटर का निर्माण पांच लाख तक धनराशि भी मुक्त कर लिया है। सीएमओ डा.एसके चक ने कहा कि मामला संज्ञान में आया है। अर्धनिर्मित सेंटरों का निरीक्षण कर कार्यदाई संस्थाओं पर सख्ती की जाएगी।