मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले के तहत रविवार को जिले के 17 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया। स्वास्थ्य मेले में विभिन्न बीमारियों से ग्रसित 630 मरीजों का उपचार हुआ। इसमें सबसे अधिक आई फ्लू के मरीज पहुंचे। जांच पड़ताल कर उन्हें दवा उपलब्ध कराई गई।
इन दिनों आई फ्लू का खतरा बढ़ा हुआ है। आंख के संक्रमण वाले इस रोग से कई जगहों पर पूरा का पूरा परिवार ही परेशान है। रविवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित स्वास्थ्य मेले में आई फ्लू से ग्रसित मरीजों की संख्या अधिक रही। चिकित्सकों ने उन्हें दवा उपलब्ध कराते हुए सख्त हिदायत दी है। बताया कि संक्रमण वाले इस रोग से बचाव बेहद जरूरी है। लापरवाही बरतने पर पूरा परिवार इसकी चपेट में आ सकता है। स्वास्थ्य मेले के दौरान 630 मरीजों का उपचार हुआ। चकटोडर पीएचसी प्रभारी डाॅ. अमल सिंह ने बताया कि रविवार को अधिकतर मरीज आंखों की उपचार के लिए ही आए थे। जिनकी आंख लाल रही, उन्हें दवा देकर सतर्कता बरतने की सलाह दी गई। उन्होंने बताया कि आंखे लाल होना आई फ्लू नहीं है। आंख लाल होने की शिकायत पर बिना चिकित्सक के सलाह पर कोई भी आई ड्रॉप आंखों में न डालें। इससे एलर्जी हो सकता है। आई फ्लू से ग्रसित मरीज चश्मा लगाएं, समय-समय पर दवा डालें और हर घंटे ठंडा पानी से आंख धुलते रहें। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चकटोडर, कसियापुर, हरिहरपुर, गिर्दबड़, सेमराधनाथ, दुर्गागंज आदि केंद्रो पर स्वास्थ्य मेले आयोजित किए गए।