स्वास्थ्य विभाग ने कोविड की तीसरी लहर को रोकने की तैयारी करना शुरू कर दी है। इस क्रम में कोरोना संक्रमण के बीच लोगों के शरीर में एंटीबाडी का पता लगाने के लिए विभाग ने जिले में 10 जून से लेकर अब तक कुल 244 लोगों का ब्लड सैंपल लिया है। वहीं कोरोना से संक्रमित हो चुके 112 लोगों का सैंपल लिया जा रहा है। अभी तक जितने सैंपल लिए गए उसको जांच के लिए लखनऊ स्थित किंग जार्ज मेडिकल चिकित्सालय में भेज दिया गया है। इस संबंध में उप मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अमित कुमार दुबे ने बताया कि सीरो सर्वे अभियान के तहत 10 टीमों का गठन किया गया है। जिसमें एक टीम ने 24 लोगों का सैंपल लेने का काम किया है। अभियान के तहत 18 से ऊपर और 18 से कम आयु वाले पुरुष और महिला समेत बच्चों का 244 सैैपल लेकर लखनऊ स्थित किंग जार्ज मेडिकल चिकित्सालय में भेज दिया गया है। वहीं जो कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। उनमें से 112 लोगों का ब्लड सैंपल लिया जा रहा हैं जिसमें से अभी तक 12 लोगों का ही सैंपल लिया जा सका है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों के शरीर में कितनी एंटीबाडी बनी है उसकी तीसरे लहर के लिए परख करनी है। इन सब की रिपोर्ट के आधार पर ही तीसरी लहर में डॉक्टर पैरामेडिकल स्टाफ, आक्सीजन की क्षमता की व्यवस्था की जाएगी। जो तीसरी लहर को रोकने सहायक साबित हो सकेंगे।