मोढ़। क्षेत्र के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र करियांव में लटक रहा ताला मरीजों को परेशान कर रख दिया है और तैनात कर्मचारी शासन-प्रशासन से मिले दिशा-निर्देश का माखौल उड़ाकर रख दिए हैं। बताया जाता है कि कोरोना वायरस की महामारी को लेकर पीएचसी में ओपीडी कुछ दिनों के लिए बंद करा दी गई थी। पुन:चालू करने का निर्देश तो मिला लेकिन आदेश प्रभावशाली नहीं हो सका। मरीजों ने आरोप लगाया है कि एक ओर शासन-प्रशासन ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को दुरुस्त रखने को एड़ीचोटी का प्रयास कर रहा है लेकिन नगर हो या ग्रामीण क्षेत्र, हर जगह संचालित सरकारी सीएचसी, पीएचसी केंद्रों पर विभागीय लापरवाही मरीजों पर भारी पड़ रही है। मंगलवार को बड़ी संख्या में पहुंचे महिला-पुरुष मरीज बिना उपचार और दवा के ही वापस लौटने को विवश हुए। विभागीय सूत्रों का कहना रहा कि पीएचसी पर तैनात कर्मचारियों को कोरोना वायरस से लड़ने के लिए प्रशिक्षण को भेजा गया है जिसके चलते केंद्र नहीं खुल पा रहा है।