ज्ञानपुर। जिले के परिषदीय विद्यालयों में अर्द्धवार्षिक परीक्षा की तैयारी पूरी कर ली गई है। बुधवार से दो पालियों में पहली से लेकर आठवीं कक्षा तक के बच्चों की परीक्षा होगी। मंगलवार को दोपहर बाद तक बीआरसी से प्रश्नपत्र विद्यालयों में भेजे गए। परीक्षा में एक लाख 41 हजार 992 विद्यार्थी शामिल होंगे। बीएसए ने परीक्षा को सुचारु रूप से कराने के लिए सभी खंड शिक्षा अधिकारियों, एसआरजी, एआरपी और प्रधानाध्यापक को जिम्मेदारी सौंपी है। जिले में कुल 885 प्राथमिक, पूर्व माध्यमिक और कंपोजिट विद्यालय संचालित हैं। इनमें एक लाख 41 हजार 992 बच्चे पंजीकृत हैं। अप्रैल से शिक्षा सत्र शुरू है। बेसिक शिक्षा परिषद की ओर से 28 नवंबर से अर्द्धवार्षिक परीक्षा कराने का टाइमटेबल निर्धारित किया गया था। एसआईआर जैसे महत्वपूर्ण कार्य को पूरा करने के लिए परिषद ने परीक्षा की तिथि आगे बढ़ा दी है। अब यह परीक्षा बुधवार 10 दिसंबर से शुरू होगी। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शिवम पांडेय ने बताया कि बच्चों की शैक्षिक गुणवत्ता के आकलन के लिए 10 से 16 दिसंबर तक परिषदीय विद्यालयों में अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं होंगी। सभी बीआरसी से स्कूलों में प्रश्नपत्र भेजा जा चुका है। शिक्षक-शिक्षामित्रों को दिशा–निर्देश भेजे जा चुके हैं। विद्यालयों में बैठने की व्यवस्था, उत्तर पुस्तिकाओं का प्रबंधन और समय सारिणी को अंतिम रूप दिया जा चुका है। परीक्षाओं की निगरानी और समय पर मूल्यांकन की व्यवस्था रहेगी ताकि विंटर ब्रेक से पहले ही परिणाम तैयार किए जा सकें। परीक्षाएं शांतिपूर्ण और सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए सभी बीईओ को जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्होंने बताया कि कक्षा एक के विद्यार्थियों की मौखिक परीक्षा कराई जाएगी, जबकि कक्षा दो से आठ तक के विद्यार्थियों की लिखित और मौखिक दोनों परीक्षाएं होंगी। परीक्षा दो पालियों में कराई जाएगी। पहली पाली में सुबह साढ़े नौ से 11:30 बजे और दूसरी पाली में दोपहर 12:30 बजे से ढाई बजे तक होगी। 16 दिसंबर के बाद शिक्षक उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन करेंगे।