ज्ञानपुर। जिले के विद्यार्थियों को अब गैर सरकारी पुस्तकालयों में भी अध्ययन करने का अवसर मिलेगा। राज्य सरकार राजाराम मोहन राय पुस्तकालय प्रतिष्ठान (आरआरआरएलएफ) की ओर से प्राइवेट पुस्तकालयों में पुस्तकें बढ़ाने के लिए अनुदान देगी। अनुदान की चाह रखने वाले पुस्तकालय संचालक ऑनलाइन आवेदन कर इसका लाभ ले सकते हैं। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राओं से लेकर उपयोगी पुस्तकों को पढ़ने में रुचि रखने वाले युवाओं व अन्य लोगों को सुविधा देने के लिए स्वैच्छिक संस्थाओं-एनजीओ की ओर से जगह-जगह पुस्तकालय का संचालन किया जा रहा है। संस्थाओं की ओर से तमाम प्रयास के बाद भी सुविधा संसाधनों की कमी रह जा रही है। ऐसे एनजीओ संचालित क्रियाशील गैर सरकारी पुस्तकालयों को सुविधाओं से सुसज्जित करने के लिए राजाराम मोहन राय पुस्तकालय प्रतिष्ठान के तहत अनुदान के लिए पंजीकरण किया जाना है। अनुदान में पुस्तकालय की छात्र संख्या के अनुरूप फर्नीचर (कुर्सी मेज), उपयोगी पुस्तक, कंप्यूटर सिस्टम आदि के लिए अनुदान दिया जाएगा। राजकीय जिला पुस्तकालय के प्रभारी सूर्यबली ने बताया कि आवेदन की प्रक्रिया शुरू करा दी गई है। अनुदान लेने में रुचि रखने वाली गैर सरकारी पुस्तकालयों की ओर से आवेदन किया जा सकता है। अनुदान के लिए पुस्तकालय का पंजीकरण कराने के लिए संस्था का विधिवत रजिस्ट्रेशन प्रमाण पत्र होना अनिवार्य है। आवश्यक अभिलेख में दर्पण आइडी, पिछले वर्षों की आडिट रिपोर्ट सदस्य सूूची, भवन किराया प्रमाण पत्र आवेदन के साथ लगाना होगा। संस्थाओं की ओर से राजकीय जिला पुस्तकालय सागर रायपुर में आवेदन किया जा सकता है।