भदोही। शक्ति एकेडमी वाराणसी की ओर से आयोजित बालिका फुटबाल के फाइनल मैच में शनिवार को गोपीगंज एकेडमी ने मिर्जापुर के साईं स्पोर्टिंग क्लब को 3-1 से हरा दिया। रूबी खातून के अच्छे खेल को देखते हुए मैन आफ द मैच तथा साक्षी केसरवानी को सभी मैचों में बेहतर प्रदर्शन के लिए मैन आफ द सीरीज घोषित किया गया। विजेता टीम को मुख्य अतिथि ऋचा सिंह ने ट्राफी दी।
उन्होंने कहा कि आज का मैच यह दर्शाता है कि बालिकाएं भी बालकों से पीछे नहीं हैं। हर खेल में बालिकाएं अच्छा प्रदर्शन भी कर सकती हैं। गोपीगंज की बालिकाओं ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए मिर्जापुर पर दो गोल दागे। इसके बाद कड़ी मेहनत कर मिर्जापुर ने भी एक गोल जरूर दागा लेकिन एन समय में गोपीगंज ने एक और गोल दाग कर दो गोल की बढ़त बना ली जो अंत तक कायम रही। आयोजक शक्ति एकेडमी वाराणसी के विकास सिंह ने मैन आफ मैच और सीरीज की घोषणा की। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को व्यक्तिगत पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस मौके पर उत्सावर्धन करने के लिए कृष्ण कुमार राय, ऋषभदेव सिंह, अक्षय प्रताप, उमाकांत राय, समरजीत सिंह चौहान, केके राय आदि अंत तक मौजूद रहे।