ज्ञानपुर। सात सूत्री मांगों को पूरा कराने के लिए गोंडवाना गणतंत्र पार्टी और अखिल भारतवर्षीय गोंड महासभा का संयुक्त अनशन मंगलवार को जिला मुख्यालय पर शुरू हुआ। गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के जिलाध्यक्ष महेंद्र कुमार गोंड ने कहा कि हाईकोर्ट का आदेश होने के बावजूद शासन स्तर से समाज को अनुसूचित जाति का प्रमाणपत्र जारी नहीं किया जा रहा है। प्रमाणपत्र के अभाव में समाज का न विकास हो रहा है न योजनाओं का लाभ मिल रहा है। समाज को हक और अधिकार मिलने तक अनशन जारी रहेगा। मुख्यमंत्री के नाम संबोधित सात सूत्री मांग पत्र डीएम राजेंद्र प्रसाद को देकर मांग की गई कि जिले की तीनों तहसील से हाईकोर्ट का आदेश मानकर गोंड जाति को प्रमाणपत्र दिया जाए, गौड़, भुज, कहार में परिवर्तन रोका जाए, समाज को लाभ देने में बढ़ रहे भ्रष्टाचार पर रोक लगे, जनगणना के समय आदिवासियों के लिए शब्द कोष की व्यवस्था की जाए, किसान विरोधी कानून को वापस लेकर किसानों का हक दिया जाए जो उनका अधिकार है। इस मौके पर प्रदीप कुमार, रमाशंकर, रामसंजीवन, कमलेश नारायण, हरिनाथ, सद्दर, अनिल गोंड, धर्मराज आदि रहे।