मोढ़। सुरियावां कोतवाली क्षेत्र के मलेपुर गांव के पास रेल लाइन पार करने के लिए बन रहे ओवरब्रिज के पास सोमवार को क्षत-विक्षत अवस्था में एक युवती का शव मिला। ट्रैक पर युवती का शव मिलने की सूचना के बाद पहुंची पुलिस उसकी शिनाख्त में जुट गई। देर शाम तक उसकी पहचान नहीं हो सकी थी। युवती के हाथ पर मेहंदी से आई लव यू लिखा था। मलेपुर गांव के पास सोमवार को सुबह कुछ लोग रेलवे ट्रैक की तरफ पहुंचे तो उन्हें वहां एक युवती का शव क्षत-विक्षत अवस्था मिला। युवती की उम्र करीब 25 से 26 साल के बीच बताई गई। उसका बाया पैर जांघ से कटकर अप रेलवे ट्रैक पर पड़ा था जबकि दाया हाथ डाउन ट्रैक के पास था। उसने कत्थई रंग की सलवार समीज पहन रखी थी। हाथ में मेहंदी लगी थी और मेहंदी से आई लव यू भी लिखा हुआ था। सूचना पाकर सुरियावां कस्बा इंचार्ज जोगिंदर यादव घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने शव को कब्जे में लेकर आसपास के लोगों से पहचान कराने का प्रयास किया। लेकिन, युवती की पहचान नहीं हो सकी। उन्होंने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। स्थानीय लोगों ने आशंका जताई कि उसकी किसी ट्रेन से गिरकर मौत हुई होगी या प्रेम प्रपंच में उसने आत्महत्या की होगी। सुरियावां थानाध्यक्ष अजीत श्रीवास्तव ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। अब तक शिनाख्त नहीं हो सकी है। शिनाख्त के बाद कोई शिकायत मिलती है तो कार्रवाई की जाएगी।