विकास भवन सभागार में सीएससी की योजनाओं के जागरूकता कार्यक्रम में बैठे लोग। स्रोत संगठन
- फोटो : 1
ज्ञानपुर। टेली लॉ सर्विस के लिए शुक्रवार को विकास भवन सभागार में अधिकारियों और कामन सर्विस सेंटर के प्रतिनिधियों की बैठक हुई। इसमें इस व्यवस्था को गांव-गांव पहुंचाने पर जोर देते हुए आम नागरिकों तक कानूनी सहायता पहुंचाने के लिए हर पहल करने पर बल दिया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं न्यायिक अधिकारी तरूणिमा पांडेय ने कहा कि विधि (कानून) के नियमों को आमजन तक पहुंचाने के लिए न्याय विभाग की ओर से टेली लॉ सर्विस शुरू की गई है। यह सुविधा कॉमन सर्विस सेंटरों (सीएससी) द्वारा उपलब्ध कराई जा रही है। अक्सर रकम और समय के अभाव के कारण कई वादकारी वकील के पास जाने में असमर्थ रहते हैं। इस समस्या को दूर करने के लिए भारत सरकार के विधि और न्याय मंत्रालय ने यह पहल की है। सीएससी मैनेजर योगेश मिश्रा ने कहा कि कॉमन सर्विस सेंटर अब केवल डिजिटल सेवाओं तक सीमित नहीं है। यह ग्रामीण समाज के लिए बहु उद्देश्यीय सेवा केंद्र के रूप में कार्य कर रहे हैं। राज्य समन्वयक वागीश सिंह ने कहा कि टेली लॉ का उद्देश्य केवल कानूनी परामर्श देना नहीं, बल्कि आम नागरिकों में कानून और न्याय व्यवस्था के प्रति विश्वास पैदा करना है। सही कानूनी सलाह मिलने से अनेक विवाद अदालत तक पहुंचने से पहले ही सुलझ जाते हैं। सीएससी के एसपीएम अविनाश मिश्रा ने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से सीएससी के माध्यम से चलाई जा रही योजनाएं किसानों और ग्रामीण परिवारों के लिए बेहद लाभकारी साबित हो रही हैं।