ालीन निर्यातक डोमोटेक्स अंतराष्ट्रीय फेयर में भाग लेने की तैयारियों में जुट गए हैं
- फोटो : BHADOHI
भदोही। कालीन निर्यात संवर्धन परिषद (सीईपीसी) ने आगामी वर्ष 12 से 15 जनवरी तक हनोवर (जर्मनी) में होने वाले डोमोटेक्स अंतरराष्ट्रीय फेयर में भाग लेने के लिए कालीन निर्यातकों से आवेदन मांगे हैं। होम टेक्सटाइल्स के लिए पूरी दुनियां में प्रसिद्ध डोमोटेक्स भदोही के कालीन निर्यातकों में सर्वाधिक प्रचलित है तथा हर वर्ष भारी संख्या में निर्यातक इसमें भाग लेते हैं। कोविड महामारी के चलते गत पिछले दो वर्ष से डोमोटेक्स नहीं हो पाया है इसलिए यह फेयर व्यापक महत्व का है। सीईपीसी चेयरमैन उमर हमीद ने बताया कि दो वर्ष के बाद डोमोटेक्स होने जा रहा है। जाहिर है कि फेयर में भागीदारी के लिए सदस्य उतावले हैं। यह जरूरी भी है क्योंकि डोमोटेक्स में एक बार भागीदारी करने से हमारे सदस्यों को लगभग छह महीने का काम मिल जाता है। बताया कि हर वर्ष निजी रूप से भी तथा सीईपीसी के बैनर तले भी भारतीय कालीन निर्यातकों की डोमोटेक्स में भागीदारी होती है। इस बार भी हमने आवेदन मांगे हैं। सबसे छोटा स्टाल 12 मीटर का होता है जिसकी कीमत प्रति मीटर 15500 रुपये रखी गई है। भाग लेने के लिए 50 प्रतिशत राशि देनी होगी। कहा कि इस बार डोमोटेक्स में इंडियन पवैलियन हाल नंबर 4 में बनेगा। बताया कि कुछ शर्तों के साथ भारत सरकार भाग लेने वाले सदस्यों को अधिकतम 75 हजार रुपये हवाई किराए की प्रतिपूर्ति करेगी। चेयरमैन ने बताया कि सीईपीसी से लाभ उठाने के लिए सदस्यों को 2022-23 का सदस्यता शुल्क जमा होना अनिवार्य है। दो वर्ष बाद हो रहे इस फेयर में भाग लेने के लिए कालीन निर्यातकों ने अपने उत्कृष्ट सैंपलों पर काम शुरू कर दिया है।