ऊंज थाने की पुलिस को बृहस्पतिवार रात बड़ी सफलता हाथ लगी। चेकिंग के दौरान एक ट्रक से तीन क्विंटल गांजा बरामद हुआ। जिसकी अंतरराष्ट्रीय कीमत 45 लाख 37 हजार आंकी गई। गांजा ओडिशा से कानपुर ले जाया जा रहा था। पुलिस ने एक तस्कर को गिरफ्तार कर लिया जबकि गैंग लीडर एवं ट्रक मालिक की तलाश कर रही है। एसपी ने गिरफ्तारी टीम को 25 हजार इनाम देने की घोषण की। शुक्रवार को पुलिस लाइन में अपर पुलिस अधीक्षक राजेश भारती ने पत्रकार वार्ता में मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि एसपी डॉ. मीनाक्षी कात्यायन के निर्देश पर मादक पदार्थों की तस्करी के रोकथाम के लिए सख्त निर्देश दिए गए हैं। क्षेत्राधिकारी ज्ञानपुर के नेतृत्व में ऊंज पुलिस ने बृहस्पतिवार की रात चेकिंग के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग पर पीछा कर थाना ऊंज के आगे पश्चिम तरफ अंतर्जनपदीय स्तर पर गांजा तस्करी करने वाले गिरोह के शातिर तस्कर मनोज कुमार रावत निवासी कानपुरा थाना कामाख्या नगर जिला ढेंकनाल, ओडिशा को गिरफ्तार किया जबकि गैंग लीडर और ट्रक मालिक दिलेश्वर दास निवासी जर्ड़ा थाना जरपड़ा जिला अंगुल ओडिशा नहीं मिला। उसकी तलाश की जा रही है। पुलिस ने 12 पहिया ट्रक से 10 बोरियों में कुल तीन क्विंटल दो किलो 500 ग्राम गांजा बरामद किया। जिसकी कीमत 45 लाख 37 हजार आंकी गई। एएसपी ने बताया कि तस्करी में प्रयुक्त 12 पहिया ट्रक वाहन की कीमती करीब 20 लाख रुपये है। गांजा और ट्रक की कुल अनुमानित कीमत करीब 65 लाख 37 हजार है। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट का मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि हम लोगों का अंतर्राज्यीय स्तर पर गांजा तस्करी करने का गिरोह है। गैंग का लीडर ट्रक मालिक स्वामी दिलेश्वर दास है। हम लोग उड़ीसा के जंगलों से सस्ते दाम पर गांजा खरीद कर इसी ट्रक से चोरी छिपे वाहन स्वामी के बताए गए स्थानों पर महंगे दाम पर बेचते हैं। गिरफ्तारी टीम में प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह, शमशाद खां, अखिलेश्वर सिंह यादव, बेचन सिंह यादव रहे।