सुनसान जगहों पर लगे बिजली के खंभों से एचटी तार व केबल चुराने वाले गिरोह के दो सदस्यों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। दोनों के खिलाफ जिले के विभिन्न थानों में कुल सात प्राथमिकी दर्ज हैं। जिले में लगातार बिजली उपकरणों की चोरी को लेकर पुलिस ने इसका खुलासा करते हुए चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश का दावा किया था। पुलिस ने मामले में गिरोह के लीडर सुधीर सिंह उर्फ जानू निवासी पचवल, रामपुर, जौनपुर और संदीप गुप्ता उर्फ मुन्ना निवासी मेहदीगंज, मिर्जामुराद, वाराणसी को पकड़ा था। दोनों रात के समय गांव की बस्तियों में लगे तार व एचटी लाइन को काट ले जाते। जिससे विद्युत आपूर्ति प्रभावित होने के साथ-साथ राजस्व का भी नुकसान होता। अब पुलिस ने दोनों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की है। एसपी अभिनव त्यागी ने बताया कि दोनों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई की गई है। जिले में कानून व्यवस्था के साथ खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।