भदोही नगर से शनिवार की शाम विसर्जन के लिए श्री गणेश प्रतिमा ले जाते श्रद्धालू। स्रोत-संवाद
भदोही। भदोही नगर और नईबाजार में पिछले 10 दिन से चल रहे चल रहे गणेश पूजनोत्सव का शनिवार को समापन हो गया। श्रद्धालुओं ने विभिन्न स्थानों पर नाचते-गाते, गणपति बप्पा मोरया के उद्घोष के साथ श्रद्धा के साथ उगापुर नहर पुलिया पर ले जाकर विसर्जित कर दिया। देर रात लगभग 10 बजे प्रतिमाओं के अहमदगंज ओवर ब्रिज से पार होने के बाद अधिकारियों ने राहत की सांस ली। प्रतिमाओं के गुजरने तक देर शाम तक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी शहर में कैंप किए रहे। भदोही और नईबाजार में गत 27 अगस्त को कुल मिलाकर लगभग 40 गणेश प्रतिमाएं जगह जगह स्थापित की गईं थीं। इसके बाद से विध्न विनाशक की पूजा में भक्त लीन थे। लगभग 10 दिन बाद शनिवार को श्रद्धालु प्रतिमाओं के साथ शाम 5 बजे एकत्र हुए। शाम लगभग सात बजे रवाना हो गए थे। लगभग सभी पूजा समितियां अपने-अपने डीजे लेकर चल रहीं थीं। रात लगभग 10 बजे प्रतिमाएं शांतिपूर्वक ओवरब्रिज से औराई रोड की ओर बढ़ीं तो अधिकारियों ने राहत की सांस ली। श्री गणेश पूजनोत्सव के चलते शनिवार को नगर का माहौल भक्तिमय हो गया था। डीजे पर नाचते गाते लोग चल रहे थे। इस दौरान गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ... के जयकारों से वातावरण गूंजता रहा। शोभायात्रा में युवाओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। डीएम शैलेष कुमार और एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने उगापुर स्थित विसर्जन स्थल का जायजा लिया। कुछ सड़कें खराब होने पर लोक निर्माण विभाग के अफसरों को निर्देश दिया।