औराई। पूर्वाेत्तर रेलवे के माधोसिंह स्टेशन के पूर्वी रेलवे फाटक पर शनिवार की सुबह ईएमयू पैसेंजर की एक बोगी का कंप्रेशर पाइप फट गया। जिससे ट्रेन एक घंटे तक ट्रैक पर खड़ी रही। इससे मिर्जापुर-औराई मार्ग पर लंबा जाम लग गया। जाम से राहगीरों को परेशान होना पड़ा। रेलवे के अधिकारियों की कड़ी मशक्कत के बाद तकनीकी दिक्कत दूर कर एक घंटे बाद ट्रेन रवाना किया गया।
पूर्वोत्तर रेलवे के प्रयागराज-वाराणसी रेल खंड पर शनिवार को सुबह 7:30 बजे प्रयागराज के रामबाग से मऊ जाने के लिए ईएमयू डेमू पैसेंजर संख्या 05138 माधोसिंह रेलवे स्टेशन पहुंची। जहां कुछ देर ठहराव के बाद जैसे ही वह वाराणसी के लिए आगे बढ़ी वैसे ही माधोसिंह रेलवे स्टेशन के पूर्वी फाटक पर ट्रेन की एक बोगी का कंप्रेसर पाइप फट गया।
जिससे ट्रेन रेलवे क्रॉसिंग पर ही खड़ी हो गई। उसके बाद स्टेशन के कर्मचारी और लोको पायलट भी उतरकर एक-एक बोगी का निरीक्षण किया। तकनीकी खराबी दुरूस्त करने के बाद करीब साढ़े आठ बजे ट्रेन वाराणसी के लिए रवाना हुई। एक घंटे तक रेलवे फाटक बंद होने से औराई-मिर्जापुर मार्ग पर करीब एक किमी तक लंगा जाम लग गया।
गनीमत यह थी कि इस दौरान कोई ऐसी ट्रेन आने वाली नहीं थी कि जिससे उसे रोकना पड़ता। डेमू के रवाना होने के कुछ समय बाद बुंदेलखंड एक्सप्रेस आई। बताते चलें के जंघई जक्शन पर इंटरलाकिंग कार्य होने के कारण वाराणसी-प्रतापगढ़ रूट पर ट्रेनों का आवागमन बंद है। जिससे उस रूट पर चलने वाली कई ट्रेनें प्रयागराज-वाराणसी रूट से जा रही हैं।