ज्ञानपुर। न्यायालय जिला एवं सत्र न्यायाधीश मिर्जापुर की अदालत ने जालसाजी के दो आरोपियों की अग्रिम जमानत प्रार्थना पत्र को निरस्त कर दिया। गोपीगंज के लालानगर में जमीन बैनामा के नाम पर की गई धोखाधड़ी के मुकदमें में कोर्ट ने निर्णय दिया। आरोपियों पर आठ साल पूर्व औराई की बैंक ने भी जालसाजी का मुकदमा दर्ज कराया था।
अभियोजन के मुताबिक वादी मुकदमा राजकुमार स्वर्णकार ने 15 दिसंबर 2023 को मिर्जापुर के कोतवाली कटरा में प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कराया। जिसमें बताया किभदोही के खमरिया निवासी विपक्षीगण मोहम्मद आजाद और नूरीना बानो ने गोपीगंज के कोइलरा लालानगर स्थित जमीन को बेचने के लिए दिखाई। जिसमें कहा कि उक्त जमीन पर यूनियन बैंक से एक करोड़ 91 लाख लोन है। जिसकी अदायगी के लिए मुझे पैसा दे दीजिए। बैंक का लोन जमा करने पर उसे आपको बेच देंगे। अलग-अलग तिथियों पर डीडी और आरटीजीएस के माध्यम से एक करोड़ 91 लाख का भुगतान किया। उसके बाद विपक्षीगण ने साजिश के तहत उक्त जमीन को कमरूनिशा पत्नी मो. तौकीर निवासी जौहरपुर को बैनामा कर दिया। पुलिस ने मामले में मोहम्मद आजाद, शहजाद अली और नूरीना बानों पर जालसाजी समेत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। आरोपियों ने अपने अधिवक्ता के माध्यम से अग्रिम जमानत के लिए प्रार्थना पत्र न्यायालय में दिया। जहां वादी के अधिवक्ता ने साल 2015 में यूनियन बैंक आफ इंडिया औराई शाखा के प्रबंधक की ओर से दर्ज कराई गई प्राथमिकी का जिक्र किया। इसके अलावा एक करोड़ 91 लाख रूपये देने की बात कहते हुए प्रार्थना पत्र निरस्त करने की गुहार लगाई। कोर्ट ने पूर्व एवं वर्तमान की घटनाओं को संज्ञान में लेते हुए आरोपियों के प्रार्थना पत्र को निरस्त कर दिया।