गोपीगंज। कोतवाली के जखावं में मंगलवार को चार दिन से लापता युवक की लाश कुएं से बरामद हुई। कुएं में लाश मिलने जानकारी मौके पर भीड़ जुट गई। मौके पर पहुंचे परिजनों ने हत्या की आशंका जताई। पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। घटनास्थल पर जुटे परिजनों ने तीन घंटों तक शव को नहीं ले जाने दिया। वहीं उसके बाद हाईवे के उत्तरी लेन और ज्ञानपुर रोड पर एक घंटे तक चक्काजाम कर दिया। एसपी डॉ. मीनाक्षी कात्यायन के समझाने पर परिजन प्रदर्शन समाप्त कर घर लौट गए।
कोतवाली क्षेत्र के लालपुर जखाव निवासी रमाशंकर बिंद का 20 वर्षीय पुत्र राहुल बिंद टेंट का काम करता था। महाशिवरात्रि के दिन वह शिव बरात में शामिल होने के लिए घर से निकला था। देर शाम तक वह घर नहीं लौटा तो परिजनों ने पुलिस से शिकायत दर्ज कराई। परिजनों का उनका आरोप है कि पुलिस ने कोई सुनवाई नहीं की। मंगलवार को गोपीगंज के केडवारिया स्थित महात्मा गांधी लिंक मार्ग के पास स्थित एक कुएं में एक युवक की लाश मिलने की सूचना मिली। जिसके बाद मौके पर भारी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से कुएं से लाश निकाली। शव की शिनाख्त राहुल बिंद के रूप में हुई। परिजनों को इसकी जानकारी होते ही परिजन बिलखने लगे। पिता, मां और बहन का रो-रोकर बेसुध हो गए। पिता ने लापरवाही का आरोप लगाते हुए तीन घंटे तक पुलिस को शव को छूने नहीं दिया। मौके पर एएसपी तेजबीर सिंह, सीओ प्रभात राय घंटों उनको मनाने में जुटे रहे। मामला बढ़ता देख एसपी डॉ. मीनाक्षी कात्यायन मौके पर पहुंची और किसी तरह उनको समझा-बुझाकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया। वहां से निकले परिजन गोपीगंज बड़ा चौराहा पहुंच गए। जहां पर ज्ञानपुर रोड के साथ ही हाईवे का उत्तरी लेन एक घंटे तक जाम किया रहा। काफी मान मन्नौव्वल के बाद किसी तरह वे वहां से हटे। जिसके बाद यातायात बहाल हो सका। बीच बाजार में इस तरह की घटना होने के बाद लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं रही। सुरक्षा को लेकर चार थानों की पुलिस व पैरामिलिट्री फोर्स तैनात रही।
-
मिठाई खा रहे थे कोतवाल, नहीं की सुनवाई...
मृतक के पिता रमाशंकर बेटे की मौत से बहदहाव हो गए थे। उन्होंने पुलिस पर गैरजिम्मेदराना रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि अगर पुलिस सक्रिय होती तो उनके बेटे की जान बच जाती। बताया कि शिवरात्रि वाले दिन उनके बेटे का कुछ लोगों से विवाद हुआ था। देर रात तक जब बेटा नहीं लौटा तो वे अगले दिन कोतवाली में शिकायत करने पहुंचे। आरोप लगाया कि कोतवाल ने तहरीर लेने की बजाय रिश्तेदार के साथ बैठकर मिठाई खा रहे थे और एक भी नहीं सुनी। काफी प्रयास के बाद मंगलवार की सुबह मुकदमा दर्ज किया है।
-
एक महीने पहले भी कुएं से मिली थी हिस्ट्रीशीटर की लाश
जिले में पुलिस की लापरवाही का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि एक महीने में यह दूसरी ऐसी घटना है। जहां भीड़भाड़ वाले इलाके में किसी कि हत्या कर कुएं में लाश फेंक दी गई हो। बीते माह 16 फरवरी को इसी जगह पर दूसरे कुएं में हिस्ट्रीशीटर की हत्या कर शव को कुएं में फेंक दिया गया था। बाद में इस मामले में एक व्यक्ति ने आत्मसमर्पण किया। लगातार हो रही घटनाओं ने पुलिस की कार्यशैली पर सवालिया निशान खड़ा कर दिया है।
एसएचओ निलंबित, जांच को तीन टीमें गठित
पुलिस अधीक्षक डॉ. मीनाक्षी कात्यायन ने मामले में लापरवाही बरतने वाले कोतवाल रामबहादुर चौधरी को तत्काल निलंबित कर दिया। वहीं घटना की जांच के लिए तीन टीमें गठित कर दी है। एसपी ने बताया कि मामला हत्या या कुछ और, यह अभी स्पष्ट नहीं हुआ है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा। घटना को लेकर तीन टीमें गठित की गई है। वहीं सर्विसलांस टीम को भी लगाया गया है। परिजनों को घर पहुंचकर उन्हें पूरा भरोसा दिलाया गया है। उन्हें न्याय दिलाया जाएगा।