ज्ञानपुर। जिला योजना समिति (डीपीसी) के तीन सदस्यों के चुनाव के लिए शनिवार को कलेक्ट्रेट में गहमागहमी के बीच चार उम्मीदवारों ने नामांकन किया। एससी और अनारक्षित पर एक-एक जबकि ओबीसी की एक सीट पर दो प्रत्याशी ने नामांकन किया। इससे दो सीटों पर निर्विरोध निर्वाचन तय हो गया है, सिर्फ औपचारिक घोषणा बाकी है। एक सीट पर दो प्रत्याशियों ने पर्चा भरा है, हालांकि 21 जून को नाम वापसी के बाद ही तस्वीर साफ होगी। 25 जून को जरूरत पड़ने पर मतदान और मतगणना होगी।
पंचायत और निकाय चुनाव के बाद जिला योजना समिति के सदस्यों का चुनाव होता है। सात निकायों में मात्र तीन सीटों के लिए निर्वाचित 116 सदस्य मतदान करेंगे। शनिवार को कलेक्ट्रेट के न्यायालय उप संचालक चकबंदी कार्यालय में सुबह 11 बजे से उम्मीदवार और उनके समर्थक पहुंचने लगे। दोपहर तीन बजे तक सामान्य महिला सीट से एक, एससी सीट से एक, पिछड़ी सीट से दो प्रत्याशियों ने नामांकन किया। एआरओ उप निदेशक कृषि डॉ. अश्वनी सिंह ने बताया कि नामांकन पत्रों की जांच में सभी वैध मिले। 21 जून को नाम वापसी होने पर स्थिति स्पष्ट होगी। अगर एक सीट पर दो प्रत्याशी लड़ेंगे तो मतदान की जरूरत होगी अगर कोई नाम वापस लेगा तो निर्विरोध होगा। उनके साथ एआरओ सहायक अभियंता आरईएस अतींद्र केसरवानी भी रहे।