चौरी। प्रगति परिषद की ओर से बाजार का भरत मिलाप शनिवार को तड़के संपन्न हुआ। चारों भाइयों का मिलन देख उपस्थित लोगों के नयन सजल हो गए। मुख्य अतिथि सांसद रमेश चंद्र बिंद ने लाग विमान के विजेताओं को पुरस्कृत किया। इस दौरान तीन दर्जन से अधिक लाग विमान निकाले गए। बाजार के मुख्य तिराहे पर शुक्रवार की देर रात भरत मिलाप में चारों भाइयों का मिलन होते ही पूरा परिसर जयश्री राम और चारों भइयन की जय से गूंज उठा। इस दौरान हर कोई भक्तिभाव से सराबोर हो गया। मेले में सुरक्षा के इंतजाम किए गए थे।
चौरी बाजार के ऐतिहासिक 67वें भरत मिलाप में परसीपुर रेलवे फाटक से लगभग तीन दर्जन लाग विमान निकाले गए। रामलीला परिषद के अध्यक्ष टुन्ना जायसवाल के नेतृत्व में प्रभु राम की सवारी स्टेशन रोड, मेन रोड, कोल्हड़ हनुमान मंदिर, चकिया तिराहा होते हुए मुख्य तिराहे पर पहुंची। यहां पर बने मंच पर राम, भरत सहित चारों भाइयों के मिलन के बाद लोगों ने पुष्प वर्षा की। सांसद रमेश बिंद, ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि प्रशांत सिंह व समाज सेवी शीतला प्रसाद पटेल ने लाग विमान को पुरस्कृत किया। ज्ञानपुर के हाशिम मिस्त्री का लाग विमान प्रथम स्थान पर रहा। इस दौरान पूरी रात श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी रही। लोगों ने विभिन्न स्थानों पर हो रहे सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लिया। सीओ औराई व भदोही के अलावा थानाध्यक्ष, चौकी प्रभारी मेले में रात भर भ्रमण करते रहे। विधायक जाहिद बेग भी पूरी रात मेले में मौजूद रहे। संवाद