ज्ञानपुर। कालीन नगरी को हरा भरा बनाने के लिए पहली बार उपवन पार्क तैयार किया जाएगा। करीब दो एकड़ जमीन पर तैयार किए जाने वाले उपवन के लिए वन विभाग के स्तर से तैयारी शुरू कर दी गई है। जमीन चिह्नित होते ही उपवन की प्रकिया को आगे बढ़ाया जाएगा। इस पार्क में एक एकड़ में मियावाकी पद्धति से पौधे तैयार किए जाएंगे। इसे तैयार करने में 70 से 80 लाख रुपये खर्च होंगे। जिले में वन विभाग के तीन रेंजों में 18 नर्सरियां हैं। पार्क नहीं होने की दशा में लोगों को टहलने के लिए विशेष इंतजाम नहीं होने से परेशानी होती है। अब जिले में दो एकड़ में उपवन पार्क तैयार कराया जाएगा। आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित इस पार्क में न सिर्फ टहलने इत्यादि की व्यवस्था होगी, बल्कि बैठने और मनोरंजन के भी साधन होंगे। पार्क में छोटे बच्चों को खेलने-कूदने के लिए झूले इत्यादि लगाए जाएंगे। दो एकड़ के इस उपवन पार्क में एक एकड़ में मियावाकी पद्धति से पौधरोपण किया जाएगा। इसमें विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपित किए जाएंगे। यह पौधे पांच से छह साल में तैयार होंगे। इससे पार्क की सुंदरता में चार चांद लग जाएंगे। वन विभाग की ओर से जिले में जमीन तलाशने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। विभाग की ओर से मूंसीलाटपुर सहित अन्य जगहों पर जमीन देखी जा रही है। जमीन की उपलब्धता सुनिश्चित होने के बाद ही आगे की प्रक्रिया बढ़ाई जाएगी।