ज्ञानपुर। सुरक्षित एवं सुगम यात्रा के लिए यातायात नियमों का पालन करना जरूरी है। इसलिए सभी को सफर करते समय सतर्क रहना चाहिए। नियमों का पालन कर हम सुरक्षित रह सकते हैं। ये बातें सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सड़क सुरक्षा सप्ताह के शुभारंभ पर औराई विधायक दीनानाथ भाष्कर ने कही।
उन्होंने कहा कि एक जिम्मेदार नागरिक बनकर हमें यातायात नियमों का पालन करना चाहिए। सभी थानों के प्रभारियों से आग्रह किया कि वह प्रतिदिन आसपास के एक विद्यालय में पहुंचकर प्रार्थना सभा में छात्र-छात्राओं को जागरूक करें। उन्होंने बीएसए, डीआईओएस, प्रभारी उच्च शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि कालेजों में बाइक से आने वाले छात्रों को हेलमेट लगाने, लाइसेंस लेकर चलने के लिए कहे। एडीएम शिव नारायण सिंह ने वाहन चालकों को हेलमेट और सीटबेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने का अपील किया। अपर पुलिस अधीक्षक राजेश भारती ने लोगों को जागरूक करते हुए अपील किया कि वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करें, सीट बेल्ट लगायेगें, स्मार्ट नागरिक कहलायेगें। इस मौके पर एआरटीओ अरूण कुमार, शारदा कुमार मिश्र, डॉ. जेसी सरोज, एक्सईएन लोनिवि जैनुराम, डीआईओएस विकायल भारती, बीएसए भूपेंद्र नारायण सिंह आदि मौजूद रहे।