ज्ञानपुर। भदोही कोतवाली क्षेत्र के मामदेवपुर में जांच अभियान चलाकर खनन विभाग ने मंगलवार को मिट्टी लदी पांच ट्रैक्टर ट्रालियों को सीज कर दिया। विभाग ने ट्रैक्टर संचालकों पर डेढ़ लाख का जुर्माना लगाया। वरुणा नदी समेत भदोही अंतर्गत आने वाले कई अन्य गांवों में मिट्टी खनन की शिकायत पर विभाग ने कार्रवाई की।अवैध खनन की शिकायत पर खनन विभाग के अधिकारी मामदेवपुर गांव पहुंचे। अधिकारियों ने जांच में पाया कि पांच ट्रैक्टर ट्रालियां माइनमित्रा पोर्टल पर पंजीकरण के बिना ही खनन कार्य में लगी हैं। विभाग ने मिट्टी लदी पांचों ट्रैक्टर ट्रालियों को सीज कर दिया। संचालकों पर डेढ़ लाख का जुर्माना लगाया। जिला खनन अधिकारी पीएन यादव ने बताया कि माइनमित्रा पोर्टल पर पंजीकरण के बिना खनन कार्य करना अपराध की श्रेणी में आता है। पांच ट्रैक्टर सीज करते हुए डेढ़ लाख का जुर्माना लगाया है। संचालक अगर जुर्माना राशि नहीं भरते हैँ तो मुकदमा दर्ज होगा।