आनद नगर गजिया में रेलवे पुल पर गार्डर चढ़ाने का काम आज हुआ
- फोटो : BHADOHI
भदोही। नगर के आनंद नगर गजिया रेलवे फाटक पर निर्माणाधीन रेलवे ओवर ब्रिज की प्रगति में मंगलवार को बड़ा काम हुआ। रेलवे पुल पुल निर्माण के क्रम में ढाई घंटे का ब्लॉक लेकर कार्यदायी संस्था ने भारी भरकम कुल पांच गार्डर चढ़ा दिए। सुबह 8.20 से शुरू काम साढ़े 10 बजे तक पूरा कर लिया गया। इस काम में भारी भरकम क्रेन की सहायता ली गई। काम पूरा होते ही मौजूद अधिकारियों ने राहत की सांस ली। गार्डर चढ़ाने के समय मौके पर भारी मजमा लग गया था। रेलवे फाटक पर निर्माण के लिए रेलवे ने गतवर्ष अप्रैल महीने में ही मार्ग को बंद कर दिया था। इस दौरान निर्माण एजेंसी ने दो पिलर खड़े करने के बाद ब्लॉक लेकर गार्डर चढ़ाने के लिए काम रोक दिया था। ब्लाक की मांग के साथ ही दो सप्ताह पूर्व ही दो क्रेन मौके पर भी आ गए थे। झटपट में सोमवार को उच्चाधिकारियों से आदेश मिला और पांचों गार्डर चढ़ाने के लिए ढाई ढाई घंटे का दो दिन ब्लाक को मंजूरी दी गई। हालांकि पहले दिन ही अधिकारियों ने पांचो गार्डर चढ़ा दिए। आज सुबह सुबह भी दर्जनों मजदूर, इंजीनियरों ने मौके पर पहुंच कर काम शुरू कर दिया था। 8.20 बजे से लेकर ढाई घंटे तक रेल परिचालन ठप कर फाटक से पैदल भी गुजरने पर रोक लगा दी थी। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए रेलवे पुलिस के अलावा सिविल पुलिस भी मौके पर मौजूद थी। काम होते ही मौके पर मौजूद यातायात निरीक्षक (टीआई) पंकज सिंह, स्टेशन अधीक्षक आलोक कुमार, रेलवे कंस्ट्रक्शन के जेई सुनील कुमार सहित संबंधित अधिकारियों ने राहत की सांस ली। गार्डर चढ़ाए जाने के बाद समझा जा रहा है कि काम तेजी से आगे बढ़ेगा। निर्माण एजेंसी का कहना है कि एक माह के अंदर रेलवे पुलिस का काम पूरा कर लिया जाएगा। ब्लॉक से अप पंजाब मेल को परसीपुर और डाउन बुंदेलखंड एक्सप्रेस को सुरियावां स्टेशन पर आधे आधे घंटे के लिए रोका गया।