ज्ञानपुर। वैश्विक महामारी कोरोना की रफ्तार कालीन नगरी में लगभग थम सी गई थी, लेकिन बीते एक सप्ताह से नए केस मिलने लगे हैं। शुक्रवार को पांच दिन बाद एक महिला के संक्रमित मिलने के बाद जिले में सक्रिय केस की संख्या बढ़कर दो हो गई। इससे स्वास्थ्य महकमा अलर्ट हो गया है। जगह-जगह जांच, पड़ताल के साथ ही लोगों की जागरूकता पर जोर दिया जा रहा है। सबको बताया जा रहा है वैक्सीनेशन और कोविड नियमों का पालन करना जरूरी है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार शनिवार को 28 दिन बाद दो लोगों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई थी। उसके अगले दिन रविवार को एक व्यक्ति की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इससे पहले 18 मार्च को एक दस वर्षी बच्ची कोरोना संक्रमित मिली थी। अप्रैल में अब तक चार लोग कोरोना संक्रमित मिल चुके हैं। स्वास्थ्य विभाग ने सभी लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। दो गज की दूरी मास्क जरूरी को सभी लोग ध्यान में रखे और उसका पालन करें। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, जो लोग कोरोनारोधी टीका से वंचित है। तत्काल टीका लगवाए। बाहर जब भी निकलें तो मास्क जरूर लगाएं। उपमुख्य चिकित्साधिकारी अमित कुमार दुबे ने बताया कि वैक्सीन से वंचित रहने वालों की तलाश की जा रही है।