औराई की घटना के बाद गोपीगंज के पंडाल का निरीक्षण करते प्रभारी निरीक्षक सदानंद सिंह। संवाद
- फोटो : BHADOHI
ज्ञानपुर। औराई के नरथुआं के पूजा पंडाल में अग्निकांड के बाद पुलिस-प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया हैं। सोमवार को सुबह ही समितियों में अग्निशमन यंत्र की व्यवस्था की गई। अग्निशमन विभाग की ओर से एक-एक इंस्टीग्विशर मूर्तियों के पास लगाया गया है। इसके अलावा हर पंडाल पर 100 से 200 लीटर की टंकी में पानी और बालू का इंतजाम किया गया।
दुर्गा पूजा और नवरात्रि के मद्देनजर जिले में वैसे तो 703 पंडाल स्थापित किए गए हैं। कुछ गिने-चुने को छोड़ दिया जाए तो अधिकतर स्थानों पर सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं है। शुरुआत में किसी ने सुरक्षा को लेकर कोई पहल नहीं की, लेकिन रविवार की रात औराई अग्निकांड के बाद सभी की नींद खुल गई। सोमवार को अग्निशमन विभाग की ओर से जहां समितियों पर अग्निशमन यंत्र पहुंचाया गया। वहीं समितियों की ओर से पानी और बालू की व्यवस्था की गई। जिन स्थानों पर बड़ा आयोजन हो रहा है, वहां भक्तों के आने-जाने की अलग-अलग व्यवस्था भी की गई। नरथुआ गांव में पूजा पंडाल में आग लगने की घटना के बाद से ही डीएम गौरांग राठी, एसपी डॉ. अनिल कुमार औराई के ट्रामा सेंटर से लेकर सीएचसी में डेरा डाल दिया है।