गोपीगंज। कोतवाली क्षेत्र के बिशेश्वरपुर गांव में सोमवार की देर रात छप्पर में लगी आग से दो बाइक, दो साइकिल सहित गृहस्थी का सामान जलकर नष्ट हो गया। शोरगुल को सुनकर ग्रामीणों ने कड़ी मेहनत कर आग को बुझाया। गांव निवासी सूर्यबली गोपीगंज कोतवाली में चौकीदार के पद कार्यरत है। सूर्यबली ने बताया कि उसकी बहू की विदाई मंगलवार को होने वाली थी। विदाई से संबंधित सामानों को छप्पर में ही रखा था। विदाई समारोह में शामिल होने आए दो रिश्तेदारों की बाइक और साइकिल भी उसी छप्पर में खड़ा करवाकर परिवार के सदस्य सो रहे थे। रात लगभग 1.30 बजे संदिग्ध परिस्थिति में लगी आग को जब तक बुझाने का प्रयास किया जाता तब तक बाइक, साइकिल, तखत, खटिया, बिस्तर, बर्तन, अनाज, विदाई समेत गृहस्थी के सामान जलकर नष्ट हो गए। आर्थिक कमजोर होने के कारण पूरा परिवार आग की घटना से आहत है। आग कैसे लगी अभी तक संदिग्ध बना हुआ है। चौकीदार ने जिला प्रशासन से क्षतिपूर्ति की मांग की है।