ज्ञानपुर। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोपीगंज के अधीन संचालित उप स्वास्थ्य केंद्र सारीपुर के मरीज कक्ष में शुक्रवार की रात शार्टसर्किट से आग लग गई। जिससे कई उपकरण जलकर नष्ट हो गए। दूसरे कक्ष में सो रही एएनएम झुलसने से बच गई। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के न आने से कर्मचारियों और ग्रामीणों में नाराजगी है।
सारीपुर गांव में ग्रामीणों की सुविधा के लिए उप स्वास्थ्य केंद्र बना है। जहां विभिन्न बीमारियों की दवाईयां देने के साथ ही महिलाओं का प्रसव आदि भी कराया जाता है। शुक्रवार की देर रात अचानक मरीज कक्ष में आग लग गई। दूसरे कमरे में सो रही एएनएम सुनीता देवी ने शोरगुल मचाया तो आसपास के ग्रामीण पहुंच गए। ग्रामीणों के प्रयास से आग को किसी तरह बुझाया गया, लेकिन तब तक बेड और स्ट्रेचर आदि जलकर नष्ट हो गए। करीब 48 घंटे बाद भी स्वास्थ्य विभाग के किसी अधिकारी के न आने से लोगों में नाराजगी है। ग्रामीणों ने कहा कि विभागीय अफसर प्रतिदिन सेंटरों पर चिन्हित कर निरीक्षण करते हैं, लेकिन उक्त घटना के बाद कोई भी नहीं पहुंचा।