कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती की तहरीर पर शारीरिक शोषण और वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने के मामले में पुलिस ने बृहस्पतिवार की शाम संकेत चौहान के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। प्राथमिकी के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के सुरहुरपुर गांव निवासी संकेत चौहान लगातार विभिन्न मोबाइल नंबरों से फोन करके युवती से अश्लील बातें करता था। जब युवती ने उसका नंबर ब्लॉक कर दिया, तो उसने दूसरे नंबरों का इस्तेमाल शुरू कर दिया। आरोप है कि लगभग 6 महीने पहले संकेत ने एआई की मदद से उसकी अश्लील फोटो तैयार की। इसके बाद उसने इन तस्वीरों को सोशल मीडिया पर वायरल करने और पूरे परिवार की गोली मारकर हत्या करने की धमकी देकर युवती के साथ शारीरिक संबंध बनाया। इस दौरान उसने वीडियो भी बना लिया। वीडियो वायरल करने का डर दिखाकर लगातार छह महीने तक ऐसा काम करता रहा। संकेत उसके मोबाइल पर पैसे भेजता था और वह रुपये वापस कर देती थी, तो वह गाली गलौज करते हुए परिवार को गोली मारने की धमकी देता था। कोतवाल केके वर्मा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। जल्द ही पुलिस टीम आरोपी को गिरफ्तार कर लेगी।